Published on: 16 Apr 2026
आईजीयू में स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन।
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी में यूथ रेड क्रॉस (YRC) के तत्वावधान में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना रहा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. सुमन यादव उपस्थित रहीं। उनके साथ डॉ. दीपक, श्री तेजपाल, पायल (सपोर्टिंग स्टाफ), डॉ. आर.बी. यादव अस्पताल, रेवाड़ी की विशेषज्ञ टीम ने शिविर में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
कार्यक्रम का आयोजन यूथ रेड क्रॉस इकाई समन्वयक प्रोफेसर समृद्धि तंवर के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ. सुमन यादव ने विद्यार्थियों को मानसिक, शारीरिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य (Wellbeing) के महत्व से अवगत कराते हुए संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जांच एवं नेत्र जांच के लिए 500 से अधिक लोगों ने लाभ उठाया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा प्रतिभागियों की विस्तृत जांच कर आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रियंका रंगा द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर डॉ. भारती, डॉ. पवन, डॉ. ऋतु, डॉ. आरती, डॉ. विक्रांत, डॉ. नवनीत, यूथ रेड क्रॉस स्वयंसेवक यादवेंद्र, हेमंत, अनीता, अंकित एवं रोहित, शोधार्थी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
यह शिविर विश्वविद्यालय की सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का एक उत्कृष्ट उदाहरण रहा।